संवेदनशील मतदान केंद्रों की जल्द दें रिपोर्ट- डीएम

बरेली। सदर तहसील के अंतर्गत आने वाली विधानसभाओं के सेक्टर ऑफिसर और पुलिस सेक्टर ऑफिसर की समीक्षा बैठक जीआईसी ऑडिटोरियम में हुई। बैठक में चारों विधानसभाओं के संवेदनशील और असुरक्षित मतदान केंद्रों की जल्द रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया। सोमवार को भोजीपुरा, बिथरी, बरेली शहर और बरेली कैंट विधानसभा की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि पिछले लोकसभा, विधानसभा एवं नगर निकाय चुनाव के दौरान दर्ज किए गए मुकदमों, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित प्रकरणों और एफएसटी/एसएसटी टीमों द्वारा जब्त की गई धनराशि, वस्तुओं एवं अन्य सामग्रियों आदि प्रकरणो की गहनता से जांच कर लें। उसी के हिसाब से सूचनाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने जिला बदर, गैंगस्टर, एनडीपीएस सहित अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में अपडेट जानकारी संकलित करने तथा ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि चुनाव की दृष्टि से प्रत्येक मतदान केंद्र का सूक्ष्मता से आकलन किया जाए। संवेदनशीलता एवं असुरक्षित केंद्रों का चिन्हांकन करते हुए निर्धारित प्रारूप में समस्त आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में ऐसे व्यक्तियों एवं समूहों को भी चिह्नित किया जाए, जिनके कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने अथवा मतदाताओं पर किसी प्रकार का दबाव बनाए जाने की आशंका हो। मतदान केंद्रों पर परखें सुविधाएं : डीएम ने कहा कि सभी सेक्टर ऑफिसर्स अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि वहां पेयजल, विद्युत, शौचालय, रैंप सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं अथवा नहीं। बैठक में बताया गया कि सेक्टर ऑफिसर्स एवं संबंधित कार्मिकों को ईवीएम तथा वीवीपैट के संचालन एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *