बरेली। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सेंट्रल गुरु पर्व कमेटी की ओर से आयोजित समागम में सुबह से ही बड़ी संख्या में संगत पहुंची। गुरबाणी कीर्तन और गुरमत विचारों के बीच गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपनाने एवं मानवता की सेवा का संदेश दिया गया। अखंड कीर्तनी जत्थे ने समागम की शुरुआत की। इसके बाद बच्चों ने भक्तों के सवैयों का पाठ और शास्त्रीय संगीत पर आधारित गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। मॉडल टाउन गुरुद्वारा के हजूरी रागी भाई सतवंत सिंह, सिख मिशनरी कॉलेज के जोनल इंचार्ज मनमीत सिंह, बंगला साहिब से आए डॉ. हरिहर सिंह, कथावाचक ज्ञानी कुलविंदर सिंह और भाई सतेंद्र सिंह बोडल ने कीर्तन व प्रवचनों से संगत को निहाल किया। वक्ताओं ने नाम सिमरन, सेवा, समानता और सरबत के भले का संदेश दिया। इस मौके पर गुरुद्वारा सुभाष नगर की ओर से संगत को निशुल्क पौधे बांटे गए। वहीं सिख मिशनरी कॉलेज ने विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिचय के लिए प्रोजेक्ट संजोग शुरू किया। कमेटी की ओर से विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता, निर्धन बच्चों की शिक्षा और मरीजों के उपचार में सहयोग की जानकारी भी दी गई।समापन पर अरदास की गई। कार्यक्रम मे अध्यक्ष परमजीत सिंह ओबेरॉय और महासचिव हरप्रीत सिंह खालसा ने संगत, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, प्रशासन और सहयोगियों का आभार जताया। आयोजन में दलबीर सिंह, रविंदर सिंह ओबेरॉय, हरप्रीत सिंह गोलू, परमजीत सिंह दुआ, एमपी सिंह, प्रद्युम्न सिंह, अमनदीप सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह बासु, देवेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह बक्शी, रविंद्र सिंह बग्गा और रणजीत सिंह आदि का सहयोग रहा।।
बरेली से कपिल यादव
