शहीद सौरभ राणा का राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई, लोगों ने की पुष्प वर्षा, दी श्रृद्धांजलि

बरेली। श्रीनगर के गुरेज सेक्टर में रविवार को बलिदान हुए सैनिक सौरभ राणा का पार्थिव शरीर मंगलवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे उनके सनसिटी विस्तार स्थित निवास पर पहुंचा। तिरंगे में लिपटे शव को देखकर परिवार और आस पड़ोस के सभी शख्स गमगीन हो गए। महापौर डॉ उमेश गौतम, हिंदूवादी नेता गुलशन आनंद समेत तमाम लोगों ने पार्थिव देह के अंतिम दर्शन किए। सनसिटी विस्तार स्थित उनके आवास से शव यात्रा संजय नगर शमशान घाट पहुंची। सुबह 8.30 बजे राजकीय सम्मान के साथ सैनिक की अंत्येष्टि की गई। जानकारी के अनुसार थाना इज्जतनगर मे सनसिटी विस्तार के रहने वाले रिटायर्ड हवलदार राजकुमार राणा के बेटे सौरभ राणा राजपूत राइफल मे कश्मीर में तैनात थे। गुरेज सेक्टर में उनकी पोस्टिंग थी। रविवार को गोली लगने से उनकी मौत हो गई थी। उनका पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह चार बजे एंबुलेंस से बरेली पहुंचा। इसके बाद सन सिटी विस्तार स्थित उनके घर ले जाया गया। सैनिक का शव आते ही पत्नी बच्चे मां-बाप बिलख कर रोने लगे। आसपास के सारे लोग वहां इकट्ठे हो गये। मेयर डॉ उमेश गौतम, भाजपा नेता गुलशन आनंद, पार्षद सतीश कातिब, पवन अरोड़ा, डा विक्रम, डॉ विनोद पागरानी, तमाम भाजपा नेता वहां पहुंचे। सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन पहुंच गये। जाट रेजीमेंट के अफसरों ने शस्त्र झुका कर जवान को अंतिम सलामी दी। इसके बाद शव यात्रा संजय नगर शमशान घाट के लिए रवाना हुई। फूल वर्षा कर सैनिक की शव यात्रा का स्वागत किया गया। 8:30 बजे श्मशान घाट पर सैनिक की राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। इस दौरान एडीएम फाइनेंस संतोष बहादुर, तहसीलदार पुलिस और आर्मी के अधिकारी उपस्थित रहे। सेवानिवृत्त कर्नल पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि जब कोई सैनिक खोते हैं तो एक परिवार की तरह ही दर्द होता है। यही वजह है कि सेवानिवृत्त होने के बाद भी पहुंचे है। सूबेदार मेजर रामसिंह ने कहा कि मैंने बलिदानी सौरभ सिंह राणा के पिता के साथ लंबे समय ड्यूटी की है। सौरभ बहुत शांत स्वभाव का था। सूबेदार मेजर वीपी सिंह, नायब सूबेदार उमेश पाल गंगवार, सेवानिवृत्त कैप्टन राहुल देव आदि पूर्व सैनिक भी पहुंचे। एडीएम वित्त एवं राजस्व और तहसीलदार प्रशासन की ओर से शोक संवेदना जताने पहुंचे लेकिन शासन ने अभी तक शहीद के संबंध में किसी भी प्रकार की सहायता की घोषणा नही की है। वीर सावरकर नगर चौराहा 100 फुटा रोड पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर अध्यक्ष विक्रांत के साथ सैकड़ों स्वयंसेवकों एवं लोगों ने पुष्प वर्षा की।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *