विश्व हिंदू परिषद का हित चिंतक अभियान घर-घर पहुंचाएं

फरीदपुर, बरेली। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे शनिवार को फरीदपुर पहुंचे। उन्होंने हित चिंतक अभियान को घर-घर पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी। इस दौरान हिंदुओं की जनसंख्या घटने पर चिंता व्यक्त की। परिषद के विभाग मंत्री मानवेन्द्र प्रताप सिंह राणा के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में परांडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक विश्व हिंदू परिषद का हित चिंतक अभियान चल रहा है। इसमें अधिक से अधिक संख्या में हित चिंतक बनाए जाएंगे। यह कार्यक्रम हर तीन वर्ष में आता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्व हिंदू परिषद का यह सदस्यता अभियान नहीं है, क्योंकि विश्व हिंदू परिषद का हर हिंदू सदस्य है। लेकिन फिर भी कार्यक्रमों की योजना बनाने के लिए और कार्यकर्ताओं के संपर्क को और बढ़ाने के लिए विश्व हिंदू परिषद यह अभियान प्रत्येक तीन वर्ष में करता है, ताकि हम लोग हर घर-घर पहुंचकर हिंदुओं को एकत्रित करने का कार्य करें। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद ने पिछली बार पूरे देश में 70 लाख हिंदू हित चिंतक बनाए थे। इस वर्ष यह आंकड़ा एक करोड़ के पार ले जाने का लक्ष्य है और पूरे देश में 20 लाख गांव तक पहुंचने का काम विश्व हिंदू परिषद करेगा। उन्होंने चिंता जताते हुए बताया कि हिंदुओं की जन्म दर 1.9 रह गई है, मतलब दो बच्चों से भी कम। भविष्य में यह संख्या और घटेगी, इसलिए हम सभी को समाज के दायित्ववान लोगों को इन कार्यक्रमों के माध्यम से समझाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, पूर्व जिला महामंत्री भाजपा अनिल राणा, जिला अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद आंवला संजय भदोरिया, जिला मंत्री राजेंद्र कन्नौजिया, जिला संयोजक बजरंग दल अमित कुमार, महानगर अध्यक्ष आशु अग्रवाल, नगर अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद सोमपाल राठौर, नगर मंत्री अमन पांडे, नगर संयोजक अंकित राजपूत, नववत सिंह, जिला प्रचारक अनुज पार्थ, ब्लॉक प्रमुख सोनम गोवाल, महेंद्र देव जी, अनिल मिश्रा, रामेश्वर प्रसाद, अनुज पांडे, महावीर जैसवाल, छत्रपाल दिवाकर, बृजेश आदि उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *