वार्डों में सफाई व्यवस्था निजी हाथों में दिए जाने का किया विरोध, हंगामा

बरेली। शहर के 80 वार्डों में से 10 वार्डो की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में दिए जाने का विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ से जुड़े तमाम कार्यकर्ताओं ने नगर निगम में निजीकरण का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। यूनियन के पदाधिकारियों ने संयुक्त नगरायुक्त अजीत कुमार सिंह को ज्ञापन देते हुए चेतावानी दी है कि तीन दिन के अंदर निजीकरण का फैसला वापस नहीं लिया तो सफाई कर्मचारी काम-काज ठपकर धरना प्रदर्शन करेंगे। यूनियन के राजेश कुमार, हरिओम सिंह, विजय कुमार मन्नू और सुरेश शिंदे ने बताया कि सूत्रों के अनुसार नगर निगम शहर के 10 वार्डों से सरकारी कर्मचारियों को हटाकर वहां ठेके के सफाई कर्मियों को को रखकर सफाई करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि सरकार की तरफ से वार्डों में निजीकरण करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। नगर निगम के इस फैसले से सफाई कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि निजीकरण का पुरजोर विरोध किया गया। अगर 3 दिन के अंदर निजीकरण के फैसले को वापस नहीं लिया गया तो कर्मचारियों से जुड़े तमाम संगठन विरोध करते हुए धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। संयुक्त नगरायुक्त ने बताया कि सफाई कर्मचारी यूनियन के लोगों ने नगरायुक्त को संबोधित ज्ञापन दिया है। उनकी समस्या का निस्तारण किया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।