रेलवे फाटक तोड़कर गोरखपुर एक्सप्रेस से टकराया ट्रैक्टर, बड़ा हादसा टला

भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे दियोहरिया स्थित रेलवे फाटक संख्या-288सी पर रविवार दोपहर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर बंद रेलवे फाटक तोड़कर गोरखपुर एक्सप्रेस में जा घुसा। ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। केबिन मैन की सूझबूझ से ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया। घटना से सैकड़ों यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई, हालांकि बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद ट्रेन को रोक कर आंतरिक जांच कर कुछ देर बाद आगे रवाना किया गया। रविवार दोपहर 12.35 बजे ट्रेन संख्या-15009 (डाउन) गोरखपुर इज्जत नगर एक्सप्रेस पीलीभीत की ओर से आ रही थी। रेलवे फाटक संख्या 288सी बंद था और ट्रेन के पीछे की चार बोगियां ही फाटक के सामने से निकलना बाकी थीं। तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बंद फाटक को तोड़कर ट्रेन के कोच नंबर 12 से जा टकराया। ट्रेन की गति कम होने और मौके पर तैनात केबिन मैन गौरव सक्सेना की सतर्कता के कारण दुर्घटना टल गई। ट्रैक्टर को अचानक पटरी पर आता देख केबिन मैन ने तत्काल आपातकालीन कदम उठाते हुए ट्रेन को रुकवाया। घटना की सूचना मिलते ही रेल अधिकारी और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और यात्रियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में ट्रैक्टर चालक लक्ष्मण मौर्य को हिरासत में ले लिया है। इस घटना के बाद ट्रेन करीब 15 मिनट तक रुकी रही। इससे इस रूट पर कुछ देर के लिए रेल यातायात बाधित रहा, जिसे स्थिति सामान्य होने के बाद बहाल कर दिया गया। आरपीएफ पोस्ट सिटी स्टेशन प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्रा ने बताया कि केबिन मैन गौरव सक्सेना की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक लक्ष्मण के विरुद्ध बरेली सिटी थाने मे प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। लक्ष्मण को गिरफ्तार कर लिया गया है। लक्ष्मण ने पूछताछ मे बताया कि अचानक गियर पड़ने से ट्रैक्टर चल गया। इसकी वजह से हादसा हुआ। उसने कूदकर खुद की जान बचाई। इज्जत नगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि ट्रैक्टर अचानक ट्रेन से टकराने से हादसा हुआ था। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। आरपीएफ की ओर से पूरे प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *