रामलीला मैदान में रैली से चुनावी स्पीड पकड़ेगी भाजपा

बरेली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का 1 नवंबर को बरेली दौरा मिशन-2027 की तैयारियों को धार देता नजर आएगा। 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है और यूपी बीजेपी के मुखिया उसी के उपलक्ष्य में जनसभा करने आ रहे हैं। रामलीला मैदान पर पार्टी के विशेष राजनैतिक शो की तैयारियों में कोई कोर कसर बाकी न रहे, इसके लिए पूरी पार्टी अभी से जुट गई है। सियासी हलकों में इसे जिले की कुर्मी पॉलटिक्स से भी जोड़ते हुए भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कुर्मी बहुल बरेली जिले में भाजपा का चुनावी एवं सांगठनिक ढांचे में कुर्मी चेहरों की भागीदारी भरपूर नजर आती है। सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार, जिला पंचायत प्रशासक रश्मि पटेल, नवाबगंज विधायक एमपी आर्या, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन वीरेन्द्र गंगवार वीरू, कई ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य कुर्मी समाज से आते हैं। इतना ही नहीं, जिले की 9 में से पांच विधानसभा सीट नवाबगंज, बहेड़ी, बिथरी, भोजीपुरा, मीरगंज में 2027 की टिकट के लिए एक से बढ़कर एक कुर्मी चेहरे लाइन में लगे नजर आ रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी खुद में कुर्मी छत्रप हैं। पार्टी ऐसे समय में बरेली के रामलीला मैदान में सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर विशाल जनसभा करने जा रही है, जब विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो रही हैं और पार्टी पूरी तैयारी से मैदान में उतर चुकी हैं। राजनीति के जानकारों का कहना है कि 1 नवंबर को बरेली रैली से भाजपा भविष्य के लिए माहौल बनाती नजर आने वाली है। संगठन के साथ जनप्रतिनिधियों ने बनाई रणनीति : सर्किट हाउस में शनिवार को भाजपा संगठन के प्रमुख चेहरों के साथ मंत्री, सांसद, विधायक सभी साथ बैठे और जनसभा की तैयारियों को लेकर मैराथन मंथन किया। मंत्री-सांसद धर्मपाल सिंह बोले, प्रदेश अध्यक्ष का बरेली आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का अवसर होगा। बरेली जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह के साथ वन मंत्री डा. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत प्रशासक रश्मि पटेल, विधायक डा. एमपी आर्य, डा. राघवेंद्र शर्मा, ब्रज क्षेत्र महामंत्री राजेश्वर पटेल, ब्रज क्षेत्र मंत्री दीपक सोनकर, महेश राठौर, डॉ. आदेश गंगवार, वरिष्ठ नेता अनिल सक्सेना और पीपी सिंह बैठक में मौजूद रहे।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *