बरेली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कुंवरपुर में 70 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा का आयोजन धूमधाम से किया गया। हर साल की तरह इस वर्ष भी शिव मंदिर कमेटी के नेतृत्व मे यह शोभायात्रा निकाली गई। जिसका शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के साथ हुआ। शोभायात्रा में शिवभक्तों द्वारा भव्य झांकियों की प्रस्तुति की गई। जिसमें भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश, नंदी, भूत-गण, रुद्र तांडव, शिव बारात और कैलाश पर्वत की मनोरम झलक ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तों ने “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा किला, बड़ा बाजार, कुतुबखाना, चौपुला, बिहारीपुर, सिटी श्मशान भूमि होते हुए कुंवरपुर स्थित शिव मंदिर पहुंची। जहां श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का अभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मार्ग को फूलों से सजाया गया और जगह-जगह भंडारे व जल सेवा के शिविर लगाए गए। इस भव्य शोभायात्रा को शिव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष आदित्य सक्सेना, संतोष सैनी, प्रवीण सक्सेना, निशांत, शिवम यादव, कपिल गुप्ता, निवास यादव, उदित नारायण और पूर्व पार्षद सौरभ सक्सेना सहित कई गणमान्य लोगों का सहयोग प्राप्त हुआ। वही पुलिस प्रशासन ने भी यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे श्रद्धालुओं ने यात्रा को शांति और भक्तिभाव से संपन्न किया। शोभायात्रा में शामिल हुए श्रद्धालुओं आकाश यादव, अंकित, विशाल और विकास का कहना था कि यह सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि भगवान शिव का आशीर्वाद है, जो उन्हें हर वर्ष भक्ति और प्रेम से जोड़ता है। वही महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वनखंडी नाथ मंदिर पर आयोजित शिव बारात शोभा यात्रा का शुभारंभ सांसद छत्रपाल गंगवार ने किया। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर सभी के कल्याण की कामना की। भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से समस्त प्राणियों का कल्याण हो, जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो। वही आर्य समाज बिहारीपुर में हो रहे 142वें वार्षिकोत्सव, ऋषि बोधोत्सव शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा का कई जगहों पर पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत किया गया। गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे आर्यसमाज बिहारीपुर से शोभायात्रा प्रारंभ होकर मोती पार्क, महार्षि दयानंद चौक, कुतुबुखाना, शिवाजी मार्ग आलमगिरीगंज, मठ की चौकी, श्यामगंज, कालीबाड़ी, नगर निगम, पटेल चौक, कोतवाली से घंटाघर होते हुए दयानंद चौक से आर्यसमाज बिहारीपुर में समाप्त हुई। शोभायात्रा के माध्यम से जनमानस को चारो वेद ग्रंथों, संस्कृति, सत्य ईश्वर परमात्मा, वैदिक यज्ञ पद्धति, योग प्राणायाम, जीवन आचरण के 16 नियमों के प्रति जागरूक किया गया। शोभायात्रा से पूर्व आर्य समाज बिहारीपुर में ऋषि बोधोत्सव पर वैदिक यज्ञ आयोजित किया गया। इस दौरान कैंट विधायक संजीव कुमार अग्रवाल, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, मंदिर के प्रधान सुशील अग्रवाल, संदीप कुमार, डॉ. रामकुमार आर्य, वेदभानु आर्य, ओमकार आर्य, सुधा आर्य, उमा अग्रवाल, कृष्णा आर्य, सचिन सक्सेना आदि रहे।
बरेली से कपिल यादव