राजस्थान/बाड़मेर- भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशों की अनुपालना में अर्हता दिनांक 01 जनवरी, 2027 के संदर्भ में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया गया है। इस संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को कार्यक्रम की जानकारी प्रदान करने के लिए गुरुवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय के कक्ष में बैठक आयोजित की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने राजनीतिक दलों प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026, गुरुवार को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर2026, शुक्रवार तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026, सोमवार तक किया जाएगा तथा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी, 2027 सोमवार को होगा।
इस दौरान उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से जिन मतदान केन्द्रों पर संबंधित राजनीतिक दलों द्वारा बूथ स्तरीय अभिकर्ता बीएलए नियुक्त नहीं किए गए हैं, वहां आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बीएलए की नियुक्ति के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
बैठक में उपखण्ड अधिकारी बाड़मेर भवानी सिंह, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि कुमार कौशल अम्बा लाल जोशी, बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष लीलाराम सिंगारिया, बीएलए-1 हनुमान बेनीवाल सहित मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
