फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। सावन माह के तीसरे सोमवार को देवाधिदेव महादेव की भक्ति, आस्था से नाथनगरी ओतप्रोत हो उठी। भोर से ही शिवभक्तों का रेला निकला तो निशा तक कतार बढ़ती गई। मंदिरों में शिवभक्तों का मेला सा उमड़ आया। कांवड़ियों-शिवभक्तों का उल्लास देखकर आनंदित हो उठे। लाखों लोगों ने तीसरे सोमवार को भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। विधि विधान से उनका पूजन कर जगत कल्याण की कामना की। शहर के अलखनाथ, मढ़ीनाथ, वनखंडी नाथ समेत सभी मंदिरों पर सुबह से ही भीड़ देखी गई। ॐ नमः शिवाय, जय शिव शंकर, भोले के जयकारों से माहौल शिवमय हो गया। सोमवार को मंदिर के कपाट खुलने से पहले ही शिवभक्ति में डूबे लोग मंदिरों के द्वार पर कतारबद्ध हो गए थे। बाबा अलखनाथ मंदिर में शुभ मुहूर्त में मंदिर के द्वार खुले और कांवड़ियों ने दर्शन-पूजन कर बाबा अलखनाथ का विधिविधान से जलाभिषेक किया। कछला, हरिद्वार से कांवड़ लेकर आए शिवभक्तों ने बाबा का श्रृंगार किया, उनको फूल चढ़ाया और जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। बाबा पशुपतिनाथ मंदिर में कांवड़ियों के जत्थों के चलते पीलीभीत बाईपास सुबह से लेकर शाम तक जाम में उलझा रहा। सुबह भक्तों के साथ कांवड़ियों ने बाबा पशुपतिनाथ का पूजन किया। बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में नाचते-गाते कांवड़िये आए और विधिविधान से पूजन अर्चन किया। वहीं वनखंडीनाथ मन्दिर जोगी नवादा में बवाल के बाद काफी संख्या में तैनात फ़ोर्स की मौजूदगी में श्रद्धालुओं भोलेनाथ पर जलाभिषेक कर उनके दर्शन किए। नाथ नगरी में सोमवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कांधे पर कांवड़ थामे, पैरों में घुंघरू बांधे कांवड़िये हर कदम पर बोल-बम की धुन जमाते, मस्त गाते निकलते। किसी के कांवड़ पर त्रिशूल सजा था तो किसी ने कांवड़ पर शिवशंकर का डमरू अलंकृत किया था। बदायूं रोड से लेकर नाथ मंदिरों तक, कांवड़ियों की भक्ति के अलग-अलग रूप दिखे। शहर के कई मंदिरों में भंडारे का आयोजन किया गया। लोग जल, फल आदि की सेवा करते हुए नजर आए। वहीं कांवड़ियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप भी लगाया गया। सोमवार को मंदिरों पर मेले जैसा माहौल हो गया। दर्शन करने आने वाले भक्तों के साथ आए बच्चे दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए। खिलौनों की दुकानों पर भारी संख्या में बच्चे नजर आए। सभी मंदिरों के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों पर भी पुलिस ड्यूटी करती हुई देखी गई। इस दौरान भीड़ को संभालते हुए भी पुलिस को देखा गया। वही फतेहगंज पश्चिमी में कांवरिया मंदिर पर शिव भक्तों का रैला रहा। यहां कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। शिव भक्तों ने भी पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया।।
बरेली से कपिल यादव