* खजुराहो के पर्यटन विकास और युवाओं के पलायन का मुद्दा भी सदन में उठाया; निर्दलीय सांसद के रूप में हुआ था चयन
खजुराहो । मध्य प्रदेश विधानसभा में आयोजित मध्य प्रदेश युवा संसद 2026 में खजुराहो निवासी गौरव सिंह बघेल का चयन एक निर्दलीय सांसद के रूप में हुआ। इस गरिमामय आयोजन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।युवा संसद के मंच पर गौरव सिंह बघेल ने बुंदेलखंड के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सदन के सामने रखा। उन्होंने बुंदेलखंड से युवाओं के लगातार हो रहे पलायन, क्षेत्र में रोजगार एवं औद्योगिक अवसरों की कमी और लंबे समय से उठ रही पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को प्रमुखता से उठाया।इसके साथ ही उन्होंने विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो के पर्यटन विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की आवश्यकता पर भी अपनी बात रखी।सदन में अपनी बात रखने के लिए निर्धारित 1 मिनट 20 सेकंड के सीमित समय में गौरव सिंह बघेल ने अपने क्षेत्र की समस्याओं, अपेक्षाओं और विकास की जरूरतों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध क्षेत्र है। आवश्यकता है कि यहां के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और विकास के पर्याप्त अवसर मिलें। खजुराहो जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल का बेहतर विकास पूरे बुंदेलखंड की आर्थिक तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।गौरव सिंह बघेल ने कहा कि बुंदेलखंड की आवाज़ को बुलंद करना और अपने क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को हर उचित मंच तक पहुंचाना उनका संकल्प है।
— खुजराहो से आशुतोष मिश्रा
