बरेली/ गुलड़िया, देवरनियां, कैंट, फरीदपुर। सावन माह के पहले सोमवार को गौरीशंकर शिव मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई। भक्तों ने भगवान शिव एवं माता पार्वती की संयुक्त प्रतिमा पर गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। करीब 100 से अधिक कांवड़िए कछला और हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर गौरीशंकर मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के कारण पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ रही। मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने एसपी साउथ अंशिका वर्मा और एडीएम पूर्णिमा सिंह भी मंदिर पहुंचीं। उन्होंने भगवान शिव के दर्शन-पूजन कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ एसडीएम आंवला सुशील कुमार मिश्रा, नायव तहसीलदार दीपक कुमार, सीओ मीरगंज अजय कुमार, थाना प्रभारी सिरौली रोहित कुमार, बड़ागांव चौकी प्रभारी मनोज कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। शिव मंदिरों में भोले के भक्तों ने किया जलाभिषेक : देवरनियां। नगर पंचायत देवरनियां के प्राचीन शिव मन्दिर सेमीखेडा व सिंगतरा, कासमपुर , कनमन, वसन्त नगर आदि शिव मंदिर को फूलों से सजे थे। सावन माह में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना भी की। सुबह से ही मंदिरों में पूजा अर्चना शुरू हो गई थी। शिव भक्ति के लिए सावन माह का पहला सोमवार था। विशेष महत्व भक्तों में जलाभिषेक व पूजा अर्चना का भाव देखने को मिला है। भगवान शिव को बेलपत्र धतूरा भांग दूध शहद आदि अर्पित कर पूजन अर्चना की गई थी इसके अलावा कछला व हरिद्वार गंगा मैय्या से भी पैदल कांवड़ में जल लाकर भक्तगण भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए जल लेकर आये थे। सुरक्षा की दृष्टि से जगह जगह पुलिस फोर्स को भी लगाया गया है, और बेरीकेडिंग भी कराई गई है। कोतवाली देवरनियाँ क्षेत्र मे पुलिस टीम ने जगह, जगह पुष्प वर्षा कर कावड़ो का स्वगात किया। लालफाटक कैम्प में डीएम ने किया भंडारे का शुभारंभ : कैंट। श्रावण मास पर जिला प्रशासन द्वारा लालफाटक स्थित कांवड़ सेवा शिविर में प्रथम सोमवार को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कांवड़ियों की सुरक्षा, विश्राम और जलपान की व्यवस्था के लिए बनाए गए इस कैम्प में भंडारे का उद्घाटन जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने किया। पंचेश्वर नाथ मंदिर में हुआ भंडारा : फरीदपुर। सावन के पहले सोमवार पर पंचेश्वर नाथ मंदिर (पचौमी) में सोमवार को विशाल भंडारे में कांवरियों एवं शिव भक्तों का स्वागत किया। कार्यक्रम में ईशान ग्वाल की और से पिता की स्मृति में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई। इस दौरान ओमवीर गुर्जर ममता अग्रवाल पुष्पेन्द्र यादव नवनीत यादव ब्रह्मा शंकर गुप्ता आतिश अग्रवाल सुभाषनी जयसवाल संजय पाठक आदि रहे। शिवभक्तों का पुष्पवर्षा से स्वागत : मीरगंज। सावन के प्रथम सोमवार को कांवड़ यात्रा के दौरान तहसील मीरगंज क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शिवभक्त कांवड़ियों का प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। अधिकारियों ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया तथा सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था कर उन्हें उनके गतव्य के लिए विदा किया। शिवभक्तों के लिए तहसील प्रशासन ने जगह जगह पंडाल लगाकर शिविर भी लगाएं है। इस अवसर पर एसडीएम निधि शुक्ला, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सिमरन मथानिया, लेखपाल अनिल कुमार, लोकेंद्र सिंह सहित अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ियों का हालचाल जाना और यात्रा के आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। वहीं नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। थाना प्रभारी रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे तैनात रहा और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित कराया गया। नगर पंचायत की टीम भी सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सक्रिय रही। प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और नगर पंचायत के संयुक्त प्रयासी से कांवड़ियों को यात्रा के दौरान हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
