बरेली। कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं के सुरक्षित और निर्बाध आवागमन के लिए प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने शाहजहांपुर रोड, बदायूं रोड, रामपुर रोड और बीसलपुर रोड समेत प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। रविवार को बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्गों पर कहीं भी कंकड़, गिट्टी अथवा निर्माण सामग्री बिखरी न रहे। सड़कों के समतलीकरण, मरम्मत और चौड़ीकरण का काम प्राथमिकता से पूरा कराया जाए। जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ यातायात में बाधा बनने वाले अवरोध भी हटाए जाएंगे। मेडिकल कैंप से मोबाइल चार्जिंग तक की सुविधा : स्वागत स्थलों और शिविरों में भंडारा स्टॉल, विश्राम क्षेत्र, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, कांवड़ स्टैंड, मोबाइल टॉयलेट, मोबाइल चार्जिंग हब और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र भी वितरित किए जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
