बाड़मेर में खारा ने आधी सदी वाले जन्मदिन के बहाने दिखाई ताकत, उमड़ा जनसैलाब

राजस्थान/बाड़मेर- भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा के 51वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं क्षेत्रवासी पहुंचे और खारा को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ग्यारह सौ खेजड़ी के पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। वहीं इक्यावन महिलाओं ने इक्यावन मीटर लंबा केसरिया साफा बांधकर स्वरूप सिंह खारा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर स्वरूप सिंह खारा ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आज आप सभी का स्नेह देखकर मेरे मन में भी यही संकल्प जागृत हो रहा है कि हम सब मिलकर समाज और राष्ट्र निर्माण का नया गीत गाएंगे, विकास का नया इतिहास रचेंगे और सेवा का नया अध्याय लिखेंगे।” उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि केंद्र और राज्य, दोनों स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार है। यह सरकार केवल शासन करने वाली सरकार नहीं, बल्कि विकास, विश्वास और जनसेवा के संकल्प के साथ काम करने वाली सरकार है।

खारा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्पष्ट निर्देश है कि शिव विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनें और क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों के लिए निरंतर मजबूती से पैरवी करें। उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ जनसुनवाई के लिए उनके दरवाजे 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन आमजन के लिए खुले हैं।

उन्होंने कहा, “आपने वोट दिया या नहीं दिया, पहचान है या नहीं—इन सब बातों को भूल जाइए। बिना किसी सिफारिश या रेफरेंस के केवल अपनी समस्या अथवा गांव के विकास का सुझाव लेकर आइए। हम सब मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे।”

खारा ने जन्मदिवस पर हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थकों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने व्यस्ततम जीवन से समय निकालकर जिस आत्मीयता और स्नेह के साथ लोग उनके लिए पहुंचे हैं, उसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।

जन्मदिवस के अवसर पर स्वरूप सिंह खारा ने श्री मल्ली नाथ राजपूत महाविद्यालय छात्रावास परिसर स्थित श्रीमल्ली नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात उन्होंने छात्रावास के विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचार एवं सुझाव सुने।

इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को सरकारी क्षेत्र में 4 लाख रोजगार देने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। अब तक 1 लाख 78 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां प्रदान की जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शिता के साथ आयोजित किया जा रहा है तथा पेपरलीक माफिया के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए नकेल कसने का काम किया है।भाजपा कार्यालय एवं गेहूँ गांव में किया पौधारोपण और श्री पाबूजी राठौड़ गौशाला, दाँता मारूडी में गौमाताओं को हरा चारा एवं गुड़ वितरण किया। स्वरूप सिंह खारा ने भाजपा कार्यालय एवं गेहूँ गांव में पौधारोपण कर आमजन से अधिकाधिक संख्या में पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया है। यह अभियान पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ माताओं के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण का भी प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पर्यावरण संरक्षण की पहलों से प्रेरणा लेकर प्रदेश सरकार द्वारा ‘मिशन हरियालो राजस्थान’ शुरू किया गया है। यह अभियान राजस्थान को हरित एवं समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मिशन के तहत पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें लगभग दो वर्षों में करीब 20 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उमड़े जनसैलाब और मिले आत्मीय स्नेह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *