बरेली। लॉकडाउन में छूट मिलते ही सक्रिय हुए बाइक सवार लुटेरों ने शुक्रवार को दिनदहाडे़ डीआरएम आफिस में तैनात कार्यालय अधीक्षक को अपना निशाना बनाया। जिसके चलते बाइक सवार बदमाशों ने जहां महिला के गले में पड़ी सोने की चेन को खीचकर लूटने का प्रयास किया। वहीं महिला के घायल होने पर उसे छोड़कर भाग गए। इस दौरान महिला के पति ने बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने के लिए शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश तेजी से बाइक लहराते हुए भाग निकले। गंभीर रुप से घायल महिला को उसके पति ने इलाज के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया है। सुरेश शर्मा नगर में रहने वाली सुनीता डीआरएम कार्यालय में कार्यालय अधीक्षक के पद पर तैनात है। शुक्रवार को दोपहर उनके पति अशोक उन्हें बाइक से लेने डीआरएम कार्यालय पहुंचे। जहां से वह अपनी पत्नी को बाइक से लेकर घर लौट रहे थे। पीडित का कहना है कि जैसे ही वह इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सौ फुटा रोड पहुंचे। तभी उनके पीछे से तेज गति से बाइक पर सवार दो लोग आए। करीब आते ही बाइक पर पीछे बैठी सुनीता के गले में पड़ी सोने की चेन को छीनने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से सुनीता चलती बाइक से नीचे गिर गई। चेन लूटने के प्रयास मे विफल होने के बाद बाइक सवार बदमाश तेज गति से फरार हो गए। इस दौरान अशोक ने बाइक सवार बदमाशाें को पकड़ने के लिए शोर भी मचाया। लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। घायल संगीता को प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा हैं।।
– बरेली से कपिल यादव