बरेली। शुक्रवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी पर गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी और उनकी मौसेरी बहन को रोककर पहले लूटपाट की फिर गोलियां चलाकर फरार हो गए। बदमाश व्यापारी की बहन से सोने की चेन व कुंडल लूट ले गए है। एसपी सिटी व सीओ प्रथम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू करा दी है। आपको बता दें कि थाना इज्जतनगर क्षेत्र के रहपुरा चौधरी निवासी अब्दुल की क्षेत्र के ही महलऊ मे कपड़ों की दुकान है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की देर शाम करीब सात बजे वह अपनी बहन मौसेरी बहन के साथ स्कूटी से घर से निकले थे। रजिया ने बताया कि अब्दुल दिल की बीमारी के मरीज है। उसी की दवा लेने के लिए शील चौराहा स्थित निजी अस्पताल पहुंचे थे। अब्दुल करीम ने बताया कि वापस घर लौटते समय शाम करीब आठ बजे कुदेशिया फाटक से रेलवे कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते मे तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोककर उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो बाइक सवारों ने उन पर फायरिंग करते हुए रजिया के गले की चेन व कानों से कुंडल खींच लिए और दोबारा फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद अब्दुल करीम ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की तब एसपी सिटी रवींद्र कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी की। शुक्रवार की देर रात सीओ प्रथम श्वेता कुमारी यादव भी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित महिला से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। एसपी सिटी जब फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो जांच-पड़ताल के दौरान घटना स्थल से पुलिस को एक खाली खोखा भी बरामद हुआ है। हालांकि पुलिस उसे पुराना खोखा बता रही है। साथ ही एसपी सिटी ने खोखा जांच के लिए भेजने की बात कही है। थाने मे बातचीत के दौरान कपड़ा व्यापारी अब्दुल करीम ने बताया कि हमलावरों में एक आरोपी राजनीतिक पार्टी से जुड़ी बड़ी हस्ती का रिश्तेदार है। साथ ही एक दबंग व हिस्ट्रीशीटर भूमाफिया का गुर्गा भी है। बताया कि बाइक सवार आरोपी उनके गांव मे स्थित करीब साढ़े चार बीघा जमीन पर कब्जा करना चाहता है। जिसकी असल मालिक कुछ नाबालिग किशोरियां हैं। कब्जा करने के दौरान आरोपी ने किशोरियों से अभद्रता की थी। जिसके बीच-बचाव मे वह पहुंच गए थे। मामले में इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जिसमें कपड़ा व्यापारी गवाह है। उसी के चलते उन पर हमला हुआ। व्यापारी ने जान को खतरा बताया है।।
बरेली से कपिल यादव
