बरेली। वन मंत्री डॉ अरुण कुमार के प्रस्ताव पर शासन ने किला नदी पर लघु सेतु के निर्माण के लिए छह करोड़ 53 लाख 73 हजार रुपये के प्रोजेक्ट को प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति दे दी है। पहली किस्त के रूप में 3 करोड़ 26 लाख रुपये 87000 रुपए जारी भी कर दिए गए है। रामपुर रोड पर किला नदी के ऊपर बरसों पुराना पुल बना हुआ है। यह पुल जर्जर हो चुका है। लंबे समय से पुल के नव निर्माण की मांग हो रही थी। लोगों ने इस विषय में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ अरुण कुमार को ज्ञापन दिया था। डॉ अरुण कुमार ने इसका प्रस्ताव भेजा। प्रस्ताव को पिछले दिनों सैद्धांतिक सहमति मिल गई थी मगर इसी बीच तकनीकी कारणों से पुल की मंजूरी फंस गई। वन मंत्री ने एक बार फिर शासन स्तर पर जोरदार पैरवी की। अधिकारियों को तकनीकी खामी दूर करने के निर्देश दिए गए। आखिर राज्य योजना शहरी के अंतर्गत इस पुल के निर्माण के लिए शासनादेश जारी हो गया है। 2गुणा 18 मीटर स्पान के इस पुल पर 6.53 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके लिए पहली किश्त के रूप में अनुदान संख्या 57 से 257.54 लाख और अनुदान संख्या 83 से 69.33 लाख रुपया जारी हो गया है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन भगत सिंह ने बताया कि पुल निर्माण के लिए शासनादेश जारी हो गया है। जल्द ही टेंडर जारी कर कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुराने पुल को तोड़कर नया पुल बनाया जाएगा। वन मंत्री डॉ अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए इस पुल के निर्माण का प्रस्ताव दिया था। पुल को मंजूरी मिल गई है। अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
