भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता क्षेत्र के ग्राम खटेली में वर्षों से अवैध कब्जे का सामना कर रहे किसान को आखिरकार प्रशासन ने न्याय दिलाया। गुरुवार को राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश कराई और किसान की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर उसे सौंप दिया। ग्राम खटेली निवासी धर्मपाल सिंह पुत्र राजपाल सिंह ने उप जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि उनकी कृषि भूमि पर गांव के कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम ने कई बार भूमि की पैमाइश कर सीमांकन के लिए पत्थर (तुद्दे) लगवाए, लेकिन आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने हर बार सीमांकन के पत्थर उखाड़ दिए और दोबारा जमीन पर कब्जा कर जुताई कर ली। पीड़ित ने लगातार उप जिलाधिकारी से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद गुरुवार को चौथी बार राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में भूमि की पैमाइश कराई गई और किसान धर्मपाल सिंह को उसकी जमीन पर पुनः कब्जा दिला दिया गया। पीड़ित किसान ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि लंबे समय से चल रहे विवाद का अंत हो गया है। वहीं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि अथवा निजी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
