रूड़की/उत्तराखंड- शुक्रवार को कलियर में आयोजित भाकियू की पंचायत में प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि आज नशे के मामले में कलियर सुर्खियां बनता जा रहा है। आए दिन कोई ना कोई मामला सामने आ रहा है। पुलिस नशाखोरों को पकड़ने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। किशोर और युवा नशे की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। जिसकी वजह से हालात खराब हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को सूबे के डीजीपी के सामने उठाया जाएगा। कलियर को किसी भी सूरत में नशे का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। नगर अध्यक्ष आजाद त्यागी ने कहा कि आज कुछ सामाजिक तत्व कलियर की छवि को खराब करने का काम कर रहे हैं। नशे ने कई घरों को बर्बाद कर दिया है उन्होंने कहा कि यूनियन अब पुलिस के साथ मिलकर नशे के कारोबारियों को सबक सिखाएगी। जिलाध्यक्ष नाजिम अली ने कहा कि आज अधिकारी आम जनता के हितों की अनदेखी कर रहे हैं। सरकार केवल घोषणाएं कर रही है। धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। इस मौके पर युवा विग के जिलाध्यक्ष संजीव कुशवाह, प्रधान अनीश अहमद, जमशेद, इस्लाम, छोटा, गुलफाम, फिरोज आदि ने विचार व्यक्त किए। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र राठी ने किसान नेताओं को आश्वासन दिया कि वह नशे के कारोबार को बंद करने के लिए प्रयासरत है। जन सहयोग से इस पर अंकुश लगाने का काम किया जा रहा है।
– रूड़की से तस्लीम अहमद