बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर निवासी महिला शुक्रवार को कलक्ट्रेट में बेहोश होकर गिर पड़ी। एडीजी रमित शर्मा ने महिला को स्टाफ कार से अस्पताल भिजवाया। लेखपाल की पत्नी और भाई ने मौके पर हंगामा कर अपहर्ताओं के पुलिस से मिले होने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। एडीजी ने फरीदपुर पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे पहले लेखपाल की पत्नी का आरोप था कि बुखरा रोड स्थित अमरनाथ कॉलोनी निवासी उसके पति मनीष कश्यप फरीदपुर तहसील में लेखपाल हैं। वे 27 नवंबर को ड्यूटी करने गए थे। इसके बाद से वापस नहीं लौटे। वे लोग मनीष कश्यप के अपहरण का आरोप लगा रहे थे। बरेली के बुखारा रोड की अमरनाथ कॉलोनी निवासी मनीष कश्यप फरीदपुर तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात हैं। परिजनों ने बताया कि 27 नवंबर को मनीष तहसील गए थे। देर शाम तक वापस घर नहीं पहुंचे। परिवार वालों ने लेखपाल को रिश्तेदारी से लेकर आसपास इलाके में खोजने की कोशिश की। लेकिन उनका कहीं पता नहीं लगा। लेखपाल की मां मोरकली ने खल्लपुर गांव की एक जनप्रतिनिधि और उसके सहयोगियों के खिलाफ अपहरण करने के आरोप की तहरीर दी। मगर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। इसके बाद भी पुलिस ने लेखपाल को खोजने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लेखपाल के परिजनों ने तहसील स्तरीय अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के केस में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण का आरोप शामिल कर दिया। परिजनों की शिकायत पर लेखपाल संगठन ने एसडीएम को ज्ञापन देकर लेखपाल का अपहरण करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। लेकिन पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी नहीं की। शुक्रवार को लेखपाल मनीष कश्यप की मां मोरकली, पत्नी जमुना देवी, भाई रवि अफसरों से शिकायत करने बरेली कलेक्ट्रेट पहुंचे।
बरेली से कपिल यादव