धूप के बाद फिर से पारा धड़ाम, शीतलहर से कांपा शहर, जल्द बारिश की संभावना

बरेली। उत्तर प्रदेश में ठंड कम होने का नाम नही ले रही है। सुबह और रात में भारी ठंड पड़ रही है। रविवार को दिन भर सूरज दिखाई नही दिया। दिन भर कोहरा बरकरार रहा। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण उत्तर पश्चिम में सर्द हवाओं से ठिठुरन बरकरार है। शनिवार को तेज धूप खिलने के बाद रविवार को अचानक फिर से ठंड बढ़ गई। रात और दिन के तापमान मे मामूली अंतर देखा गया। दिन भर धूप नही खिलने से लोग कांपते रहे। रविवार को सुबह कोहरे के बाद दिन भर धूप नहीं खिली। अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 12.4 और न्यूनतम 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान में सिर्फ 2.8 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तीन दिन बाद फिर से मौसम में परिवर्तन का पूर्वानुमान जताया है। 1 फरवरी को बारिश हो सकती है। इसके बाद बादल छाए रहेंगे। हालांकि इससे पहले कोहरे से राहत नहीं मिलती दिख रही है। आंचलिक मौसम केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर जिले में भी रहेगा। पहली से लेकर पांच फरवरी तक आसमान पर बादल उमड़ेंगे। इस दौरान हल्की बरसात होने का भी पूर्वानुमान है। हालांकि शीतलहर के प्रभाव में कमी आएगी और तापमान में भी कुछ बढ़ोत्तरी होगी। पांच फरवरी के बाद बादल छटने के बाद धूप खिलने लगेगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *