शाहजहांपुर- शाहजहांपुर अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस वाली सरकार के आदेश के बाद शाहजहांपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन कुर्की शुरू कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो सूदखोरों की 60 लाख की प्रॉपर्टी कुर्क कर ली है। पुलिस ने बाकायदा मुनादी करके सूदखोरों के अपराधी होने के बोर्ड तक लगा दिए हैं। फिलहाल पुलिस का कड़ा संदेश है कि अपराध से कमाई गई संपत्ति को कुर्क कर लिया जाएगा। सूदखोरों की धमकी के बाद यहां एक ही परिवार के 4 लोगों ने आत्महत्या कर ली थी।
चौक कोतवाली पुलिस की यह मुनादी सूदखोरों की अपराध के जरिए कमाई गई संपत्ति की कुर्की को लेकर हो रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले इलाके में अपराधियों के खिलाफ मुनादी करवाई और बाद में अपराधियों के अपराध का बोर्ड लगा कर 60 लाख की संपत्ति कुर्क कर ली। दरअसल चौक कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले दवा व्यापारी अखिलेश गुप्ता ने 7 जून 2021 में सूदखोर की धमकी के बाद परिवार के चार सदस्यों समेत आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूदखोर अविनाश बाजपेई और सुशील गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया था। जांच में पाया गया कि दोनों अपराधियों के पास आय का कोई जरिया नहीं था और उन्होंने सूदखोरी के पैसे से लाखों की संपत्ति बनाई थी। एसपी ने कुर्की की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी से अपराधियों की संपत्ति कुर्क करने की संस्तुति की थी। जिलाधिकारी के आदेश के बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों की 60 लाख की संपत्ति कुर्क कर ली। पुलिस ने अपराध से संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि ऐसे अपराधियों की संपत्ति जब्त की जाएगी।
– अंकित शर्मा,शाहजहांपुर
