बरेली। कई दिन से पड़ रही गर्मी और उमस से शनिवार को राहत मिली। सुबह से ही आसमान मे काले बादल छाए रहे और करीब 11 बजे बरसात शुरू हो गई। हवा और बारिश से गर्मी से काफी हद तक निजात मिली। उसके बाद उमस अभी भी बरकरार है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बरेली मे मानसून आ गया है। इस बार मानसून मे अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। बारिश के बाद तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इससे तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। जिसके चलते लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। तीन दिन पहले हुई बारिश के बाद शनिवार को फिर बरसात हो गई। झमाझम बारिश के बाद जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली। वही दूसरी ओर बारिश ने सड़क से गुजरने वालों के लिए मुसीबत कर दी। सड़क पर जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बारिश ने भी रंग दिखाया। शहर के कई इलाकों में जहां तेज बरसात हुई वही कुछ इलाके ऐसे भी रहे जहां बूंदाबांदी तक नही हुई। श्यामगंज फ्लाईओवर पर जहां बरसात हो रही थी वही ईट पजाया चौराहे पर सूखा पड़ा था।।
बरेली से कपिल यादव