बरेली। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए बरेली और बदायूं क्षेत्र के तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। बदायूं के वरिष्ठ नेता दुर्विजय शाक्य को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि बरेली के पूर्व जिलाध्यक्ष पूरनलाल लोधी को ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, भाजपा महिला नेत्री सुभाषिनी जायसवाल को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। जमीनी पकड़ रखने वाले और लंबे समय से संगठन में सक्रिय नेताओं को आगे लाकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में रुहेलखंड के तीनों नेताओं का अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई है। वहीं, प्रदेश संगठन में जगह मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल रहा। सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। सांसद छत्रपाल गंगवार, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीनों पदाधिकारियों को बधाई दी। पूरनलाल को संगठन में लंबा अनुभव : मीरगंज के जटपुरा उर्फ मुगलपुर निवासी पूरनलाल लोधी लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका है। 2010 से 2012 तक वह बरेली जिलाध्यक्ष रहे। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सहित कई जिम्मेदारियां संभालीं। उन्होंने पीलीभीत, शाहजहांपुर में जिला प्रभारी, मुजफ्फरनगर और मुरादाबाद मेंचुनाव अधिकारी रहे। सामान्य कार्यकत्री से प्रदेश मंत्री बनीं सुभाषिनी : फरीदपुर निवासी सुभाषिनी जायसवाल ने 2006 में भाजपा से सफर शुरू किया। संगठन के प्रति समर्पण और सक्रिय भूमिका के चलते उन्हें 2016 में नगर उपाध्यक्ष व 2018 में भाजपा महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया। 2022 में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी उन्होंने निभाई। दुर्विजय ने एबीवीपी से की राजनीतिक शुरुआत : दुर्विजय शाक्य मूल रूप से बदायूं के दातागंज क्षेत्र के ब्राह्मपुर गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वह बरेली के विशप मंडल कॉलेज में शिक्षक हैं। उन्होंने 1994 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और 1995 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सक्रिय राजनीति में आए।।
बरेली से कपिल यादव
