मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र मे ईद पर दो पक्षों में विवाद हो गया। झगड़े में चाकू छुरों एवं लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया। झगड़े मे दोनों पक्षों के 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर घायलों से घटना की जानकारी ली। सीएचसी से छह घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव दियोरिया अब्दुल्लागंज मे गुरुवार की सुबह साढ़े दस बजे गांव के खिजर बेग, अमन बेग और रमीम बेग ईद की नमाज अदा करने के बाद गांव मे खड़े थे। गांव के जीशान खां अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। जीशान खां और उनके साथियों ने खिजर बेग, अमन बेग और रमीम बेग को घेर कर गाली गलौज की। विरोध करने पर तीन भाइयों पर चाकू-छुरों और लाठी डंडों से हमला कर दिया। किसी ग्रामीण ने तीनों पर हमला करने की सूचना उनके घर जाकर दी। सूचना मिलने पर घर से अनीस बेग, सलीम बेग एवं सोहिल बेग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने इनको भी घेर लिया। उन पर जानलेवा हमला कर दिया। चाकू छुरों से प्रहार किए। रमीम बेग को डंडों व लोहे की रॉड से जमकर पीटा। आधे घंटे तक दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। घायल खून से लथपथ हो गए। जिससे गांव में दहशत व्याप्त हो गई। झगड़े में एक पक्ष के सोहिल बेग, अनीस बेग, अमन बेग, रमीम बेग, सलीम बेग एवं खिजर बेग गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे पक्ष के जीशान, शानू, सुबेज, उवैश एवं सोहिल घायल हो गए। परिजन घायलों को उठाकर सीएचसी पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंच गई। चिकित्सा अधीक्षक डा.वागीश कुमार ने डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में लगाई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एक पक्ष के चार एवं दूसरे पक्ष के दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल खिजर बेग ने बताया आरोपियों ने अनीस बेग के सिर, सोहिल बेग की कमर और पीठ पर, अमन बेग के कमरे में छुरियां मारीं। सलीम बेग के पेट में छुरी घुसेड़ने की कोशिश की। बचाव करने पर छुरी हाथ में लगी। जमीन पर गिरने पर रॉड से पीट-पीट कर बेहोश कर दिया। जीशान खां ने बताया वह बीडीसी सदस्य हैं। सलीम बेग के परिजन चुनाव हारने के बाद से रंजिश मानते हैं। सलीम बेग परिजनों के साथ उनके घर में घुस आए। हमारे परिजनों पर चाकू तलवार से हमला कर दिया। जिससे परिजन खून से लथपथ हो गए। एसओ कुंवर बहादुर सिंह ने बताया अभी तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। इधर दियोरिया अब्दुल्लागंज में हुए झगड़ा मे पुलिस ने खिज्र बेग की तहरीर पर आरोपी जीशान खां, शानू खां, सुजेब खां, उबेज खां उर्फ मम्मा, इलियास खां, गुड्डू खां, चम्मू खां, शोएब खां, सुहेल निवासी दियोरिया अब्दुल्लागंज के खिलाफ विभिन्न धाराओं मे मुकदमा दर्ज किया है।।
बरेली से कपिल यादव