क्योलड़िया, बरेली। जनपद के थाना क्योलड़िया क्षेत्र मे 16 दिन से तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी हुई थी। पिछले 48 घंटे से क्षेत्र के किसी भी गांव में तेंदुए के न देखे जाने या उसके बारे में कोई सूचना न मिलने से वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। अमीर नगर, अब्दला, कुंवरपुर तुलसी पट्टी, जवेदा, सिलरा, भौआ बाजार, मरगापुर, प्रह्लादपुर, वैवाही समेत कई गांव में ग्रामीणों ने पिछले दिनों तेंदुआ देखा था। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को सावधान रहने के लिए कहा था। पहले वन विभाग की टीम ने भौआ बाजार में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था लेकिन तेंदुआ कैद नहीं हो पाया। रविवार को वन विभाग की टीम ने जगी डांडी गांव के पास खेतों में पिंजरा लगा दिया। वन दरोगा आनंद कुमार, वनरक्षक वेद प्रकाश, मान सिंह, राकेश दिवाकर, बीट प्रभारी अकबर अली, कडेराम ने जंगल में पिंजरा लगाने के बाद ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि खेत की ओर अकेले न जाएं बल्कि समूह बनाकर जाएं। हाथ में लाठी-डंडा लेकर जाएं और तेंदुआ दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना दे।।
बरेली से कपिल यादव
