बरेली। ट्रेडिंग एप में निवेश कर अच्छा मुनाफा कराने का झांसा देकर पश्चिम बंगाल के ठगों ने 11.10 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित की 8 लाख 62 हजार 365 रुपये की रकम वापस करा दी। पुलिस ने मनी ट्रेल का पीछा करते हुए रकम को पीड़ित के खाते में वापस कराया है। शेष धनराशि को वापस कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। कोतवाली में बिहारीपुर क्षेत्र निवासी मोहित रस्तोगी ने 17 अक्तूबर को इस बारे में साइबर क्राइम थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के जरिये ट्रेडिंग एप में अच्छा मुनाफा देने का लालच दिया गया। इसके बाद उन्हें ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग खातों में 11 लाख 10 हजार रुपये जमा करा लिए गए। बाद में उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। गेमिंग ऐप के माध्यम से भी भेजी रकम : साइबर क्राइम थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) पोर्टल, संबंधित बैंक और अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर ठगी गई रकम की मनी ट्रेल का पीछा किया। प्रयासों के बाद 8,62,365 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। ठगी की शेष रकम छोटे-छोटे समूहों में गेमिंग एप के माध्यम से भेजी गई है। उसे भी वापस कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। दो आरोपियों के खिलाफ लगेगी चार्जशीट : जांच के दौरान मामले में पश्चिम बंगाल के रहने वाले दो आरोपियों की भूमिका सामने आई है। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए आरोप पत्र न्यायालय में भेजा जा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
