जलभराव पर सख्त हुए डीएम, नदी की जमीन का सीमांकन और अवैध निर्माण सील के दिए आदेश

बरेली। शहर मे जलभराव की समस्या को लेकर डीएम अविनाश सिंह ने रविवार को मिनी बाइपास व किला क्षेत्र की जलभराव प्रभावित कालोनियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नदी की जमीन पर सीमांकन करने व अवैध निर्माण सील करने का निर्देश दिया। उन्होंने लाजपत नगर, केसर वाटिका, त्रिवेणी एनक्लेव व किला क्षेत्र स्थित बालाजी विहार कालोनी का भ्रमण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्या की जानकारी भी ली। बालाजी विहार कालोनी में जिलाधिकारी ने नदी की भूमि व संबंधित क्षेत्र का तत्काल सीमांकन कराने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान दो निर्माणाधीन मकान भी मिले, जिनके लिए स्वीकृत मानचित्र उपलब्ध नहीं था। जिलाधिकारी ने दोनों भवनों को तत्काल सील करने के निर्देश दिए। इसके अलावा यूएस मेमोरियल स्कूल में चल रहे निर्माण कार्य को भी अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक स्वीकृति के किसी भी निर्माण को अनुमति नहीं दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि नदी की भूमि व प्राकृतिक जल निकासी क्षेत्रों में कालोनियों के विकसित होने के कारण वर्षा जल का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हुआ है। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ ही नदी की भूमि पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम सिटी डा.अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम सदर इशिता किशोर आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *