चिटौली गांव सहित शहर की पांच अवैध कालोनियों के निर्माण पर चला बीडीए का बुलडोजर, किया ध्वस्त

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। बीडीए के अभियान के बाद भी कई लोग अवैध कालोनियों का निर्माण जारी है। बीडीए ने गुरुवार को ऐसे ही पांच कालोनाइजरों के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। सभी निर्माण नैनीताल रोड पर दोहना पीतमराय के गांव के आसपास कराए गए थे। बीडीए के बुलडोजर ने सभी निर्माण को ढहा दिया। कालोनियों की बनाई सड़कों को खोद डाला और पोल को तोड़ दिया। सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व मे ध्वस्तीकरण का अभियान चलाया गया। नैनीताल रोड पर दोहना पीतमराय गांव के पास राकेश गंगवार कातिब द्वारा लगभग 7000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल मे बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के अवैध रूप से कालोनी मे साइट ऑफिस, सड़क, नाली, भवन का निर्माण एवं विकास कार्य कराया जा रहा था। बीडीए टीम के पहुंचने और स्वीकृत मानचित्र नही दिखाने पर साइट कार्यालय, सड़क, नाली और चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाकर ध्वस्त करा दिए गए। यहीं पप्पू यादव व अन्य द्वारा लगभग 5000 वर्ग मीटर भूमि पर बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के विद्युत पोल, सड़क, साइट ऑफिस आदि का अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा था। इसे भी ध्वस्त करा दिया गया। दोहना पीतमराय के पास ही नन्हे यादव, इरफान व अन्य लोग बिना मानचित्र स्वीकृत कराए लगभग 6000 वर्ग मीटर क्षेत्र में कालोनी का निर्माण करा रहे थे। यहां पोल, साइट आफिस, सड़क का निर्माण हो चुका था। बिना स्वीकृति के कार्य कराने पर टीम ने यहां भी बुलडोजर चलवा दिया। सीबीगंज के पास पस्तौर गांव के पीछे बादशाह नगर पर शिव कालोनी का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। यह निर्माण नासिर खां पुत्र बुन्दन खां द्वारा कराया जा रहा था। लगभग 11 बीघा क्षेत्रफल मे बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के टीन शेड युक्त ऑफिस, सड़क आदि का अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह चिटौली गांव के पास 10 बीघा क्षेत्रफल मे बिना विकास प्राधिकरण की अनुमति के अवैध कालोनी के लिए साइट ऑफिस, बाउन्ड्रीवाल, सड़क आदि का निर्माण कराया जा रहा था। टीम ने अवैध निर्माण ढहा दिया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *