खाटू श्याम की यात्रा कराएंगी रोडवेज की बसें, बरेली-रुहेलखंड डिपो से चार-चार बसों को होगा संचालन

बरेली। रोडवेज की 12 बसें राजस्थान में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्याम की यात्रा कराएंगी। खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अधिकारियों ने यह फैसला लिया है। इस रूट पर बसों के संचालन के लिए परमिट लिया जाएगा। इसके लिए आरटीए (राज्य परिवहन प्राधिकरण) में आवेदन भी कर दिया गया है। आरटीए की बैठक में इस पर मुहर लगेगी। परमिट मिलने के एक सप्ताह के अंदर ही इन बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। मार्च से खाटू श्याम के लिए बसे चलाए जाने की उम्मीद है। बरेली से खाटू श्याम की दूरी करीब 700 किलोमीटर है। यहां से सीधी बस सेवा नही होने के कारण श्रद्धालु प्राइवेट टैक्सी या फिर अपनी कार आदि से जाते हैं। इसी को देखते हुए परिवहन निगम ने खाटू श्याम के लिए बसें चलाने का फैसला लिया है। सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को सहूलियत होगी। बरेली व रुहेलखंड डिपो से चार-चार और बदायूं-पीलीभीत से दो-दो बसें चलाने की योजना बनाई गई है। बरेली के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि खाटू श्याम के लिए बरेली, बदायूं व पीलीभीत से बसें चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। एसटीए की बैठक में परमिट पर मुहर लगते ही एक सप्ताह के अंदर बसें चला दी जाएंगी। इसके साथ ही रुहेलखंड डिपो के बेड़े से अगले साल तक 30 बसें और कम हो जाएंगी। ये कंडम होने की कगार पर हैं। अप्रैल 2025 तक इन बसों को हटा दिया जाएगा। रुहेलखंड डिपो के पास 144 बसें हैं। इसमें से 30 बसें ऐसी है जो जर्जर हो चुकी हैं। इनकी 15 साल की मियाद भी पूरी होने वाली है। इनके टायर घिस चुके हैं। इंजन भी जवाब देने की कगार पर है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *