आंवला, बरेली। मनौना धाम पर गुरुवार को फिल्म अभिनेता किरण कुमार, सुधा चंद्रन, अनूप जलोटा पहुंचे। उन्होंने श्याम बाबा के दर्शनकर महंत ओमेन्द्र जी महाराज से आर्शीवाद लिया। साथ ही धाम की शूटिंग भी की गई। फिल्मी हस्तियों को देखने के लिए भीड़ जुट गई। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस तैनात करनी पड़ी। फिल्म तेजाब, खुदा गवाह, धड़कन, डिटेक्टिव करण जैसी अनेकों फिल्मों और धारावाहिकों में सशक्त अभिनय कर फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता किरण कुमार, नाचे मयूरी फिल्म से अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सुधा चन्द्रन, भजन सम्राट गायक अनूप जलोटा तथा हर्षिता रोहेला अपने साथियों के साथ धाम पर पहुंचे। यहां उन्होंने भव्य मंदिर में बाबा श्याम के दर्शन किए और महंत ओमेन्द्र जी महाराज से मुलाकात की और उनका आर्शीवाद लिया। उन्होंने कहा कि मनौना धाम की शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा ने उन्हें बहुत प्रभावित किया है। उन्होंने मनौना धाम की शूटिंग भी की। मंदिर परिसर मे फिल्मी गतिविधियों के बीच भक्ति का वातावरण भी बना रहा। धाम प्रबंधक आर्येन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि पिछले वर्षों में धाम पर कई बार शूटिंग हो चुकी है। धार्मिक पर्यटन के साथ फिल्म जगत की बढ़ती दिलचस्पी से मनौना धाम को नई पहचान मिल रही है।।
बरेली से कपिल यादव
