* टाइम्स ग्रुप की विशेषज्ञ टीम ने किया विद्यालय का सुरक्षा ऑडिट, विद्यार्थियों को दिए आपदा से बचाव के महत्वपूर्ण टिप्स
बरेली। बीएसए डॉ विनीता, बीईओ फरीदपुर मुकेश कुमार भारती के निर्देशन में बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी, विकास क्षेत्र फरीदपुर में विद्यालय सुरक्षा ऑडिट एवं जोखिम मूल्यांकन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टाइम्स ग्रुप की विशेषज्ञ टीम ने विद्यालय का सुरक्षा ऑडिट किया तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। राज्य पुरस्कृत शिक्षक एवं विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक डॉ अमित शर्मा ने बताया कि
कार्यक्रम में टाइम्स ग्रुप के विशेषज्ञ सृजन शर्मा (सिविल एवं स्ट्रक्चरल एक्सपर्ट), विष्णु दयाल (फायर एंड इलेक्ट्रिकल सेफ्टी एक्सपर्ट) तथा बबली (डिजास्टर मैनेजमेंट एंड फील्ड ऑडिटर) ने विद्यार्थियों को भूकंप, आगजनी, विद्युत दुर्घटना एवं अन्य प्राकृतिक तथा मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों और बचाव के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी और विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से सुरक्षित रहने के उपाय समझाए। इस दौरान विद्यालय भवन, कक्ष-कक्षों, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, निकास मार्ग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर विद्यालय का सुरक्षा ऑडिट एवं जोखिम मूल्यांकन किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यालय में गठित विभिन्न सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन समितियों की भूमिका, दायित्वों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी प्रकाश डाला। साथ ही किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के महत्व को समझाया। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक एवं राज्य पुरस्कृत शिक्षक डॉ. अमित शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों में सुरक्षा संबंधी जागरूकता, नियमित प्रशिक्षण एवं आपदा प्रबंधन की जानकारी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सतर्कता तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में सहायक अध्यापक डॉ. अखिलेश उपाध्याय, प्रीति यादव, अम्बरीष प्रकाश मिश्रा, ज्योति यादव, आशा कुमारी, सुनीता त्रिपाठी, रमा चंदेल, लक्ष्मी देवी, पूजा रानी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय को सुरक्षित, जागरूक एवं आपदा प्रबंधन के प्रति सक्षम बनाना तथा विद्यार्थियों में सुरक्षा संबंधी व्यवहारिक समझ विकसित करना रहा।
