फरीदपुर, बरेली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मे फरीदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑटो में छिपाकर ले जाए जा रहे 48.400 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने मौके से ऑटो चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान मादक पदार्थ प्लास्टिक के चार कट्टों में मिला। पुलिस ने बरामदगी में प्रयुक्त ऑटो को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शुक्रवार रात करीब 9:48 बजे देवरनिया चौकी क्षेत्र में संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की तलाश में पुलिस टीम जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बुखारा की ओर से ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को सामने देखकर चालक ने अचानक ऑटो पीछे मोड़ लिया और भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर ऑटो को रोक लिया। जब ऑटो की तलाशी ली गई तो उसमें प्लास्टिक के चार कट्टे बरामद हुए। इसके अंदर पोस्त के डोडे का चूर्ण पाया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अफसर उर्फ आशिक पुत्र महबूब अली और उसके साथ बैठे युवक ने नदीम रजा पुत्र सुभानी निवासी ग्राम नौगवां का रहने वाला बताया। दोनों की तलाशी ली गई तो अफसर के पैंट की दाहिनी जेब से 250 रुपये और नदीम की शर्ट की बायीं जेब से 300 रुपये बरामद हुए।पुलिस की ओर से पूछताछ करने पर दोनों आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि वे बाहर से आने वाले ट्रक चालकों से डोडा पोस्त सस्ते दाम पर खरीदते थे और बाद में उसे अधिक कीमत में बेचते थे। बरामद डोडा पोस्त को भी बिक्री के लिए ले जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस की जांच का फोकस डोडा पोस्त की सप्लाई चेन पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 48.400 किलोग्राम डोडा पोस्त आरोपितों तक कहां से पहुंचा, इसे किससे खरीदा गया था और आगे किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस आरोपितों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
