बरेली। एसआर इंटरनेशनल स्कूल के छात्र अरहान यादव ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए सीबीएसई अंडर-17 क्लस्टर क्रिकेट प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम गौरवांवित किया। इस प्रतियोगिता के चयन ट्रायल में 2,700 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें से 350 खिलाड़ियों का प्रथम चरण के लिए चयन किया गया। सूची में एसआर इंटरनेशनल स्कूल के दो विद्यार्थियों अरहान यादव एवं पांशुल मिश्रा ने स्थान बनाया। इसके बाद आयोजित दूसरे चरण के चयन में केवल 74 खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिनमें अरहान यादव ने अपनी उत्कृष्ट बल्लेबाजी के शानदार प्रदर्शन के दम पर स्थान सुनिश्चित किया। चयनित 74 खिलाड़ियों में से 60 खिलाड़ी पहले से स्टेट बोर्ड ट्रॉफी खेल चुके थे, जबकि शेष 14 स्थान गैर-स्टेट खिलाड़ियों के लिए थे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद अरहान यादव ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर इन 14 खिलाड़ियों में जगह बनाकर अपनी क्षमता का शानदार परिचय दिया। टीम बी का प्रतिनिधित्व करते हुए अरहान ने अपने दोनों मुकाबलों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया और अपनी टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।।
बरेली से कपिल यादव
