आंवला सीट पर सपा ने किया उलटफेर, भाजपा को हराकर नीरज मौर्य जीते

आंवला, बरेली। आंवला लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन की तरफ से सपा ने जीत दर्ज की है। यहां से सपा के नीरज मौर्य ने 15 हजार से अधिक वोटों से भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप को हराया है। आंवला लोकसभा सीट पर टी-20 के सुपर ओवर जैसा रोमांच देखने को मिला। यहां भाजपा और सपा के कड़ी टक्कर हुई। आंवला में भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के खिलाफ गठबंधन ने सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य को उतारा था। बसपा ने सपा छोड़कर आए आबिद अली को चुनाव लड़ाया। लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच ही रहा। बरेली के परसाखेड़ा में कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। प्रथम चरण की मतगणना के बाद से लगातार सपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाते नजर आए। दोपहर करीब डेढ़ बजे भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप आगे निकल गए। लेकिन अपनी बढ़त को बढ़ा नहीं सके। 27 राउंड की मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी ने फिर उलटफेर किया। 32वें राउंड में नीरज मौर्य ने 16 हजार से अधिक वोटों की बढ़त बना ली। आखिरी राउंड में सपा के नीरज मौर्य ने 15969 मतों से जीत अपने नाम कर ली। सपा की जीत के साथ समर्थकों ने जश्न शुरू कर दिया। आपको बता दे कि आंवला मे अब तक 15 बार लोकसभा चुनाव हो चुका है। पहली बार इस सीट से हिंदू महासभा जीती थी। इसके बाद कांग्रेस, जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, जदयू और भाजपा ने भी परचम फहराया। कांग्रेस, जनता पार्टी और सपा ने इस सीट से दो-दो बार जीत हासिल की जबकि भाजपा यहां तीन बार कमल खिला चुकी है। एक बार जदयू को भी इस सीट पर जीत हासिल हुई है। आंवला लोकसभा सीट पर 1962 में पहला चुनाव हुआ था। इसके बाद 1967 और 1971 में कांग्रेस की सावित्री श्याम चुनाव जीतकर संसद पहुंची। 1977 में जनता पार्टी में शामिल हुए बृजराज सिंह ने फिर जीत दर्ज की। 1980 के इलेक्शन में जनता पार्टी (सेक्यूलर) ने जयपाल सिंह कश्यप पर दांव लगाया। 1984 में कांग्रेस कल्याण सिंह सोलंकी चुनाव जीतकर सांसद बने। 1989 और 1991 में हुए चुनाव के दौरान भाजपा के राजवीर सिंह जीत दर्ज कराकर ससंद पहुंचे। 1996 में एक बार फिर चुनाव हुए। इस बार सपा ने अपना खाता खोला। सपा के सर्वराज सिंह चुनाव जीते। 1998 में फिर भाजपा ने जीत दर्ज की और राजवीर सिंह पुन: सांसद चुने गए। 1999 से लेकर 2004 तक इस सीट पर सपा का कब्जा रहा। उस समय सपा और जदयू का गठबंधन था। 2009 में इस सीट से मेनका गांधी ने चुनाव जीता और कमल खिलाया। 2014 से 2019 तक भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप लगातार चुनाव जीतते चले आ रहे है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *