बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे सोमवार की रात को गार्ड की ड्यूटी करने जा रहे बाइक सवार चाचा-भतीजे को भोजीपुरा थाने के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें चाचा की मौके पर मौत हो गई। भतीजा गंभीर रुप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। वही मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। मिली जानकारी के अनुसार थाना भोजीपुरा के गांव घौरा समसपुर निवासी रामचरण का 38 वर्षीय बेटा हरीशंकर उर्फ बाबू जी राममूर्ति मेडिकल कालेज मे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। इस समय उसकी ड्यूटी नाईट शिफ्ट में लगी हुई थी। सोमवार की रात करीब 11 बजे के समय वह और उनका भतीजा राममूर्ति पुत्र नत्थूलाल बाइक से ड्यूटी के लिए निकले। इस दौरान जैसे ही उनकी बाइक भोजीपुरा थाने के पास पहुंची। उन्हें तेज गति से जा रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे हरीशंकर की मौके पर मौत हो गई। राममूर्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल राममूर्ति को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रात करीब 12 बजे हरीशंकर उर्फ बाबूजी के परिवार को पता चला कि हादसे मे उसकी मौत हो गई। यह सुनते ही उसकी पत्नी पार्वती चीत्कार मार कर रोने लगी। घर में कोहराम मच गया। आस-पड़ोस के लोग अचानक रोने की आवाज सुनकर जाग गए। मृतक अपने पीछे दो बच्चे छोड गया है।।
बरेली से कपिल यादव