विद्युत निगम का लाइनमैन घूस लेते गिरफ्तार, जेई के कहने पर लिए थे 18 हजार रुपये

बरेली। एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को बिजली बिल समायोजन के नाम पर उपभोक्ता से 18 हजार रुपये घूस लेते हुए विद्युत निगम के लाइन कुली अनस कादरी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वह जेई जितेंद्र केसरवानी के कहने पर रिश्वत ले रहा था। एंटी करप्शन टीम ने जेई को भी नामजद किया है। तकनीकी कर्मचारी रतन लाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर प्रवीन सान्याल ने बताया कि मॉडल टाउन निवासी नितिन आनंद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बिजली के बिल के समायोजन के लिए 18 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई है। डीडीपुरम उपकेंद्र के जेई जितेंद्र केसरवानी ने उनको बुधवार को रुपये लेकर बुलाया है। बुधवार दोपहर बाद नितिन रिश्वत देने पहुंचा। जेई के कहने पर संविदा पर तैनात लाइन कुली अनस कादरी बैकबेल कैफे के पास रिश्वत लेने आया। वहां पहले से तैनात एंटी करप्शन टीम ने उसे घूस लेते दबोच लिया। आरोपी अनस को बृहस्पतिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *