नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के कस्बे के बरखन रोड स्थित श्मशान भूमि के पीछे शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जब एक वर्कशॉप में रखे सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। परिजनों के अनुसार घर में नीचे गैराज मे सिलेंडर से शादी के लिए कतरा तले जा रहे थे तभी अचानक आग भड़क उठी और गैराज मे रखें बेटी के दहेज का सारा सामान और परचूनी का सामान जलकर राख हो गया। पता चला है गैराज मे गाड़ियों से निकाले हुए हुए काले सीएनजी सिलेंडर रखे थे जो लीकेज भी हो रहे थे इसी से पूरा वर्कशॉप आग का गोला बन गया। शादी मे खाना बनाने के लिए कुछ एलपीजी सिलेंडर भी रखे थे जो आग लगने के बाद सुरक्षित निकाल लिए गए। वर्कशॉप में केवल मोटर साइकिल को सुरक्षित निकाला गया और सब कुछ जलकर राख हो गया। इस हादसे मे गृह स्वामी महावीर और गैरेज मे काम करने वाले अजीत, रजा हुसैन और साहिल झुलस गए। उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ नीलेश मिश्र ने मुआयना किया। कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गैस सिलेंडर में आग से हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि महावीर की बेटी विनीता का सोमवार को विवाह होना है। दहेज और बारात का सामान घर मे रखा था। आग से सारा सामान जल गया। परिजनों का कहना है कि कुकिंग गैस सिलेंडर पर भट्ठी से बेसन का कतरा बनाया जा रहा था। तभी अचानक सिलेंडर में आग लग गई।।
बरेली से कपिल यादव
