रेलवे ने यात्रियों से की अपील, ट्रेन की जानकारी के लिए आधिकारिक ऐप पर करें भरोसा

बरेली। ट्रेनों की देरी, मार्ग परिवर्तन और निरस्तीकरण से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों से आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ही भरोसा करने की अपील की है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने कहा है कि यात्रा से पहले और उसके दौरान ट्रेन संबंधी जानकारी के लिए RailOne और NTES (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) का उपयोग करे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अधूरी सूचनाओं के कारण यात्री अक्सर स्टेशनों पर अनावश्यक प्रतीक्षा, असुविधा और भ्रम का सामना करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए, रेलवे ने यात्रियों को आधिकारिक मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से ट्रेनों की वास्तविक स्थिति, वर्तमान लोकेशन, आगमन प्रस्थान समय, प्लेटफॉर्म नंबर, मार्ग परिवर्तन, पुनर्निर्धारण और निरस्तीकरण जैसी अद्यतन जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी है। रेलवे का कहना है कि विशेष परिस्थितियों में ट्रेनों के संचालन में बदलाव किए जाते हैं, जिनकी जानकारी सबसे पहले आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर ही अपडेट की जाती है। इसलिए, यात्रियों को किसी भी सोशल मीडिया पोस्ट या अपुष्ट संदेश पर भरोसा करने के बजाय रेलवे के अधिकृत स्रोतों से जानकारी सत्यापित करनी चाहिए। रेलवे प्रशासन ने यह भी कहा कि डिजिटल सेवाओं के बढ़ते उपयोग से यात्रियों की यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और योजनाबद्ध बन रही है। अतः प्रत्येक यात्री को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस अवश्य जांच लेना चाहिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *