बिजली का तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ मे छह आरोपी गिरफ्तार

क्योलड़िया, बरेली। जनपद के थाना क्योलड़िया क्षेत्र मे पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना पुलिस के मुताबिक बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक गिरोह लाल रंग की गाड़ी में घूमकर बिजली के तार काटने की फिराक में है। पुलिस टीम धनौर जागीर की पुलिया के पास पहुंची, जहां एक संदिग्ध गाड़ी खड़ी थी। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और गाड़ी खेत में फंस गई। गाड़ी में बैठे बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आसिफ नाम का बदमाश घायल हो गया। आसिफ अर्शिया भोज, बहेड़ी का निवासी है। उसके पांच अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। इनमें मो. हसीन, इस्तिकार, मुजम्मिल, मोहम्मद रेहान और आसिफ शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व की दो घटनाओं सहित अन्य चोरी स्वीकार की है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा मे चोरी का सामान बरामद किया है। इसमें दो तमंचे, कारतूस, दो गाड़ियां (महिंद्रा केयूवी 100 और बोलेरो) शामिल हैं। इसके अलावा, तार काटने के उपकरण जैसे ब्लेड, आरी, पेचकस और प्लास भी मिले हैं। बरामदगी में एल्युमिनियम और तांबे के तार, केबल के बंडल, ट्रांसफार्मर तेल और पांच मोबाइल फोन भी हैं। पुलिस ने 3650 रुपये नकद भी बरामद किए है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके छठे साथी आसिफ को नवाबगंज-बरखेड़ा मार्ग से पकड़ा गया। उसकी गाड़ी से भी चोरी के बिजली के तार और ट्रांसफार्मर तेल बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ थाना क्योलड़िया में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *