बीडीए ने तीसरे दिन 6 कोचिंग-लाइब्रेरी सील, 3 संस्थानों को नोटिस

बरेली। बीडीए ने पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर लगातार तीसरे दिन भी कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और जिम के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। शनिवार को संयुक्त टीम ने कुल 9 संस्थानों का निरीक्षण किया। इसमें सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 6 संस्थानों को तत्काल सील कर दिया गया, जबकि 3 संस्थानों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त टीम ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर सोमिक लाइव साइंसेस प्रा.लि. (सत्यम पैलेस, करगैना), वैदास क्लासिस (सत्यम पैलेस, करगैना), एक्सप्लोर लाइब्रेरी (कृष्णा कॉम्प्लेक्स, बदायूं रोड), अनंत ज्ञान लाइब्रेरी (सर्वोदय नगर, सुभाषनगर), राजश्री लाइब्रेरी (करगैना, बदायूं रोड) तथा माया एकेडमी ऑफ एडवांस सिनेमेटिक (एकता नगर, स्टेडियम रोड) को सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान स्टडीज वेब क्लासिस एंड लाइब्रेरी, एक्सप्लोर स्टडीज और ऑनिक्स फिटनेस जिम को भवन का स्वीकृत मानचित्र और अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। अभियान में मुख्य अग्निशमन अधिकारी, बीडीए के विशेष कार्याधिकारी, सहायक अभियंता और अवर अभियंता सहित पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम शामिल रही। सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच की गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *