राजस्थान/बाड़मेर- भारत जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में चल रहे स्व-गणना अभियान में उत्कृष्ट कार्य करते हुए शत-प्रतिशत स्व-गणना पूर्ण करने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को सोमवार को जिला कलक्टर सभागार में सम्मानित किया गया। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सभी कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके कार्य की सराहना की। इस अवसर पर आयोजित बैठक में जिला कलक्टर यादव ने जनगणना 2027 के तहत शत-प्रतिशत स्व-गणना पूर्ण करने में आने वाली चुनौतियों, प्रशिक्षण व्यवस्था, कार्यप्रणाली को लेकर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में मैदानी स्तर पर कार्यरत कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और उनकी मेहनत से ही अभियान सफल बनता है।
बैठक के दौरान प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रशिक्षित कर, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से स्व-गणना कार्य को सहज एवं व्यवस्थित तरीके से पूर्ण किया गया। उन्होंने बताया कि आमजन को स्व-गणना प्रक्रिया समझाने के साथ-साथ उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया, जिससे लोगों में जनगणना के प्रति जागरूकता एवं विश्वास बढ़ा।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्मिकों से आगामी चरणों में भी इसी समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी, प्रगणक, सुपरवाइजर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
