बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना बहेड़ी के मोहल्ला शाहगढ़ मे चकमार्ग की भूमि पर अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी पर गुरुवार को तहसील प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया। ग्राम शाहगढ़ जेड के चकमार्ग स्थित गाटा संख्या 85 पर सार्वजनिक भूमि पर अवैध प्लाटिंग कर भूखंड बेचे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इन शिकायतों के बाद नायब तहसीलदार दिवाकर सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। जांच में चकमार्ग की भूमि पर अवैध कब्जे और प्लाटिंग की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। थाना बहेड़ी पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध कब्जों और निर्माणों को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। इस कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक प्रदीप शर्मा, क्षेत्रीय लेखपाल विवेक कुमार और अवनीश कुमार सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के कारण कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से चकमार्ग पर कब्जे के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था, जिससे उन्हें परेशानी हो रही थी। कब्जा हटने से अब ग्रामीणों को राहत मिली है और रास्ता फिर से सुचारु हो गया है।।
बरेली से कपिल यादव
