मीरगंज, बरेली। जनपद की मीरगंज तहसील सभागार मे गुरुवार को उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में आगामी पल्स पोलियो और संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समय रहते माइक्रोप्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान सभी गतिविधियां शासन की गाइडलाइन के अनुरूप संचालित हों। विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को अभियान की निगरानी और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वैभव राठौर ने बताया कि 28 जून से पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा। पहले दिन क्षेत्र में 114 बूथ स्थापित किए जाएंगे। जहां जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। डॉ. संचित शर्मा ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत 10 जुलाई से दस्तक अभियान भी शुरू होगा। अभियान के दौरान घर-घर जाकर लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों से अभियान शुरू होने से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार करने और निर्धारित गतिविधियों को गंभीरता से लागू करने का आह्वान किया। बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शेरगढ़ डॉ. गजेंद्र सिंह, एडीओ पंचायत वीरपाल सिंह, सीएचसी मीरगंज के बीपीएम पुनीत सक्सेना, धनेश्वर गिरी, शिक्षा विभाग के अमित कुमार, आईसीडीएस विभाग की सुपरवाइजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
