फरीदपुर मे आकाशीय बिजली से भरभराकर गिरा छज्जा, आंधी से बिजली सप्लाई ठप

फरीदपुर, बरेली। तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पूर्व सभासद के घर का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। पूर्व सभासद ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। लगातार दूसरे दिन तूफान से भारी नुकसान से लोगों में अफरातफरी मची है। बुधवार को भी सुबह करीब 11 बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। इस दौरान आकाशीय बिजली लाइन पार मठिया की पूर्व सभासद मुन्नी देवी के छज्जे पर गिर गई। धमाके के साथ छज्जा सैकड़ों टुकड़ों में बिखर गया, आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे में परिवार के लोग बाल-बाल बच गए, मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। वही तूफान के दौरान कई जगह बिजली की लाइनों पर पेड़ गिर गए। जिस से नगर और देहात की बिजली सप्लाई ठप हो गई। बुधवार को अचानक बारिश से तेज आंधी चलने के दौरान बीसलपुर रोड, स्टेशन रोड, लाइन पार मठिया समेत कई जगह पेड़ गिर गए। मेन रोड पर बिजली की हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिर गया। बिजली सप्लाई ठप हो गई। वहीं अंधर पुरा से आने वाली उद्योग की लाइन पर कई जगह पेड़ गिर गए। ओम रेजिडेंसी से लेकर फैक्ट्री की बिजली सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गई। वहीं फरीदपुर के नगर व देहात की बिजली सप्लाई बंद होने से हाहाकार मच गया। एसडीओ ने बताया की टीमों को लगाया गया है। देर रात तक सप्लाई चालू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *