बरेली। शहर मे विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पाले ठेकेदारों पर एक्शन जारी है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राठी ने मिनी बाईपास क्षेत्र मे आरसीसी नाला निर्माण कार्य मे भारी शिथिलता पाए जाने पर ठेकेदार दुष्यंत कुमार पर 50 हजार का अर्थदंड लगाया है। अनुबंध के तहत 1625 मीटर लंबे नाले का निर्माण होना था लेकिन ठेकेदार ने केवल 30 मीटर खुदाई करके काम को बीच मे ही छोड़ दिया है। राजीव राठी ने बताया कि ठेकेदार ने नियमों की अनदेखी करते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा दांव पर लगा दी। जांच मे पाया गया कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के कोई मानक पूरे नही किए गए है। नाले के पास रानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज और हार्टमैन इंटर कॉलेज जैसे प्रमुख शिक्षण संस्थान है। जहां से हजारों छात्र गुजरते हैं। ठेकेदार की ओर से न तो यहां बेरीकेडिंग की गई है न ही कोई सुरक्षा संकेतक लगाए गए है। इससे पूर्व 30 मार्च 2026 को भी ठेकेदार को अस्थायी अर्थदंड का नोटिस दिया गया था लेकिन ठेकेदार ने न तो काम शुरू किया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया।।
बरेली से कपिल यादव
