नई जेल के उद्घाटन के लिए कारागार मंत्री से मांगा समय

बरेली। कचहरी के पास पुरानी जेल की 85 एकड़ जमीन पर 172 करोड़ रुपये से बनकर तैयार नया जिला कारागार जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए जेल अधीक्षक आलोक शुक्ला की ओर से कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान को पत्र लिखकर उद्घाटन के लिए समय मांगा गया है। 20 जून के बाद कभी भी कार्यक्रम तय हो सकता है। पहले चरण मे भुता स्थित केंद्रीय कारागार-2 से सात साल से कम सजा पाए 150 कैदियों को यहां स्थानांतरित किया जाएगा। महिला सेल के लिए भी बंदियों की मांग की गई है। नए कारागार की कुल क्षमता 2579 कैदियों की है। शासन ने पिछले महीने व्यवस्थाओं के लिए करीब 15 करोड़ रुपये जारी किए थे। इससे सीसीटीवी कैमरे, फर्नीचर और कंट्रोल रूम जैसी सुविधाएं स्थापित की गई हैं। अधीक्षक, डिप्टी जेलर और एक फार्मासिस्ट की तैनाती हो चुकी है। चिकित्सक की मांग की गई है। केंद्रीय कारागार-2 में वर्तमान में करीब 2800 बंदियों की क्षमता है, लेकिन लगभग 700 कैदी अतिरिक्त हैं। इससे व्यवस्था संभालने में समस्या होती है। नए कारागार से केंद्रीय कारागार-2 के बंदियों को अब शहर में तारीख या इलाज के लिए 15 किलोमीटर दूर नही जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और खर्च बचेगा। यह कदम मौजूदा जेलों पर बढ़ते दबाव को कम करेगा। इसी तरह, केंद्रीय कारागार-1 में करीब 2000 कैदी निरुद्ध हैं। ये सभी सात साल से ऊपर की सजा वाले है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *