बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा शनिवार को सकुशल और शुचितापूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। पहले दिन की परीक्षा के दौरान 4023 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे। परीक्षा तो कुशलतापूवर्क संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम समेत अन्य अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। चौंका देने वाली वात है कि 10वीं पास योग्यता वाले होमगार्ड के 42 हजार पदों के लिए रिकार्ड 25 लाख से अधिक नौजवान लाइन में लगे हैं। तीन दिवसीय भर्ती परीक्षा का शनिवार को पहला दिन था तो बरेली मे इसके लिए युवा सैलाब उमड़ा। होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को 19 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई है। शनिवार को पहले दिन की परीक्षा में दोनों पालियों में 17472 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। मगर पहली पाली में बुलाए गए 8736 अभ्यर्थियों में से सिर्फ 6689 ही पहुंचे, 2047 ने यह परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह दूसरी पाली में भी 8736 अभ्यर्थियों को बुलाया गया, जिसमें 6760 उपस्थित और 1976 अनुपस्थित रहे। इस तरह दोनों पालियों में 13449 उपस्थित और 4023 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान डीएम अविनाश सिंह ने प्रथम पाली में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज एवं तिलक इंटर कॉलेज में बने परीक्षा केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी व कंट्रोल रूम आदि के माध्यम से परीक्षा कक्षों का भी जायजा लिया। जिसमें समस्त कैमरे संचालित अवस्था में पाए गए। डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा हेतु निर्धारित नियमों का उचित प्रकार से अनुपालन किया जाए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर एडीएम सिटी सौरभ दुबे और एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
