भीषण गर्मी मे चरमराई बिजली व्यवस्था, कई इलाकों मे आपूर्ति ठप, लोगों का हंगामा-प्रदर्शन

बरेली। जनपद के किला उपकेंद्र के मलूकपुर में चार दिन से तो पवन विहार के कृष्णानगर फेज टू मे शनिवार की पूरी रात बिजली गुल रहने से उपभोक्ता भीषण गर्मी में परेशान रहे। शास्त्रीनगर मे तीसरे दिन बिजली की आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके अलावा सीबीगंज, सुभाषनगर, सिटी स्टेशन आदि इलाकों में लोग पूरी रात ट्रिपिंग की समस्या से जूझते रहे। बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने किला उपकेंद्र पर हंगामा किया। किला उपकेंद्र के मलूकपुर मे चार दिनों से बिजली की समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। भीषण गर्मी में बच्चे बीमार हो रहे हैं। वही किला उपकेंद्र के शास्त्रीनगर की गायत्री पब्लिक स्टोर वाली गली में दो दिनों से बिजली गुल है। इससे आक्रोशित लोगों ने शनिवार सुबह पार्षद गौरव सक्सेना के साथ सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात तक एसडीओ की मौजूदगी में ट्रांसफार्मर का फ्यूज ठीक कराया जाता रहा, लेकिन समाधान नही हुआ। इलाके की पांच हजार आबादी भीषण गर्मी से जूझती रही। किला उपकेंद्र के शास्त्रीनगर मे अनिल किराना स्टोर के पास शुक्रवार की दोपहर 12 बजे ट्रांसफार्मर का फ्यूज खराब हो गया था। शिकायत के बाद भी पूरे दिन कोई लाइनमैन मरम्मत के लिए नहीं पहुंचा, जिससे दिन-रात लोग भीषण गर्मी से बेहाल रहे। पानी का संकट भी रहा। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शनिवार सुबह गायत्री पब्लिक स्टोर वाली मोड़ पर धरना प्रदर्शन किया। इससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। सूचना पर प्रेमनगर थाने की पुलिस पहुंची, लेकिन कोई बात नहीं बनी। इसके बाद किला एसडीओ विशाल वर्मा ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर उनको आश्वासन दिया। वह ट्रांसफार्मर के फ्यूज को ठीक कराने में लगे रहे। देर रात तक बिजली की समस्या को ठीक नहीं किया जा सका। जिससे यहां पर करीब 300 घरों में बिजली गुल रही। रविवार सुबह बिजली निगम के कर्मियों ने फेज की समस्या ठीक किया, तब जाकर आपूर्ति बहाल हो सकी। पवन विहार के कृष्णानगर फेज टू में रात 10 बजे केबिल जलने के कारण पूरी रात करीब 200 घरों में बिजली गुल रही। विद्युत निगम के अधिकारियों को फोन करने पर कहा जाता रहा कि अभी केबिल बदली जा रही है और लाइट आ जाएगी। बिजली न आने से पूरी रात लोग परेशान रहे। वहीं दुर्गानगर उपकेंद्र के सैनिक कॉलोनी में रात करीब नौ बजे केबिल जलने के कारण आपूर्ति ठप हो गई। जिसको ठीक करने के बाद बिजली रात में करीब 12:45 बजे आई फिर लो वोल्टेज की समस्या से लोग जूझते रहे। इससे पूरी रात लोग भीषण गर्मी से जूझते रहे। इसके अलावा सीबीगंज क्षेत्र में लो वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या से लोग जूझते रहे। इससे क्षेत्र के करीब 10 हजार घर प्रभावित रहे। केबल बंच में आग भी लगी जिसको ठीक किया गया। इसके बावजूद ट्रिपिंग की समस्या का समाधान नहीं हो सका। शहरी क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में जिन जगहों पर बिजली आपूर्ति की समस्या है, उसको प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जा रहा है। वहीं पवन विहार के कृष्णा नगर फेज टू में केबल बदली जा रही है। किला के शास्त्रीनगर में एसडीओ अपनी टीम के साथ फॉल्ट को सही करा रहे हैं। जिसको जल्द ठीक करा लिया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *