बरेली। बीडीए की उपाध्यक्ष ने बुधवार को प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न अनुभागों में संचालित कार्यों, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा जनसामान्य से जुड़े मामलों के निस्तारण की समीक्षा की। उपाध्यक्ष ने प्रत्येक पटल पर कार्यों की प्रगति और व्यवस्था को बारीकी से परखा और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उपाध्यक्ष ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान ही प्राधिकरण की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी जनता के हितों के विपरीत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन और शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली का मूल उद्देश्य जनता को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले नागरिकों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और उनके कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाए। निरीक्षण के दौरान बीडीए उपाध्यक्ष ने कार्यालय अनुशासन को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय मे उपस्थित रहें तथा अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयपालन और जवाबदेही बेहतर प्रशासन की आधारशिला है और इनसे किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
